मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
सरूरपुर (मेरठ)। मेरठ जनपद के सरूरपुर थाना क्षेत्र की खिवाई चौकी इलाके में अवैध मिट्टी खनन का कारोबार धड़ल्ले से जारी है। आरोप है कि खनन माफिया दिन-रात ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से मिट्टी का अवैध उठान कर रहे हैं, जबकि जिम्मेदार विभाग मूकदर्शक बने हुए हैं।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि भारी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना किसी रोक-टोक के सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इससे न केवल सड़कों को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह पूरा खेल थाना क्षेत्र में तैनात एक दरोगा और खनन विभाग की कथित छत्रछाया में चल रहा है।ग्रामीणों के मुताबिक कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन की निष्क्रियता से लोगों में रोष व्याप्त है। सवाल यह उठता है कि आखिर किसके संरक्षण में यह अवैध खनन जारी है?अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन और खनन विभाग इस पूरे मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है, या फिर अवैध खनन का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।

