Oplus_16908288
सात महीने पहले तहसील टीम ने कराई थी पैमाइश, डोल तोड़ने को लेकर फिर आमने-सामने आए ग्रामीण
मेरठ ।थाना क्षेत्र के गांव पिठलोकर में सोमवार को खेतों की डोलबंदी के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट और लाठी-डंडे चलने से दोनों ओर के चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी नूरहसन और शहज़ाद के खेत आपस में मिले हुए हैं, जिनके बीच डोल को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही है। विवाद बढ़ता देख करीब सात महीने पहले तहसील प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर डोलबंदी कराई थी, लेकिन दूसरे पक्ष ने उस पैमाइश को स्वीकार न करते हुए डोल तोड़ दी थी। डोल तोड़ने वाले पक्ष का दावा था कि उन्होंने एसडीएम स्तर से हुए पुराने आदेशों को निरस्त करा दिया है।सोमवार को इसी बात को लेकर एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से लाठी-डंडे निकल आए और जमकर संघर्ष हुआ। इस मारपीट में एक पक्ष से इरफ़ान, नूर हसन व आलम और दूसरे पक्ष से शहज़ाद घायल हो गए। थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों का डॉक्टरी मुआयना करा दिया गया है और तहरीर के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

