मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सरधना से पूर्व विधायक संगीत सोम को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। यह धमकी उनके सरकारी मोबाइल नंबर पर भेजे गए एक मैसेज के माध्यम से दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धमकी भरा यह संदेश बांग्ली भाषा में भेजा गया है, जिसमें संगीत सोम को जान से मारने के साथ-साथ एक भारतीय न्यूज़ चैनल को भी उड़ाने की बात लिखी गई है। यह मैसेज आज सुबह करीब 8 बजे उनके मोबाइल पर प्राप्त हुआ।सूत्रों का कहना है कि धमकी एक ही मोबाइल नंबर से बार-बार भेजी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संगीत सोम ने संबंधित मोबाइल नंबर की पूरी जानकारी पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दी है।बताया जा रहा है कि हाल ही में संगीत सोम अपने एक विवादित बयान को लेकर चर्चा में है। उन्होंने अभिनेता शाहरुख खान को लेकर टिप्पणी की है, जिसमें उन्हें ‘गद्दार’ बताया गया था। यह बयान उस समय सामने आया था जब शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने एक बांग्लादेशी क्रिकेटर को अपनी टीम में शामिल किया था। इस बयान के बाद देशभर में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर समर्थन व विरोध दोनों देखने को मिले थे। फिलहाल पुलिस और खुफिया एजेंसियां धमकी भरे मैसेज की जांच में जुट गई हैं। मोबाइल नंबर की ट्रैकिंग के साथ-साथ साइबर सेल को भी अलर्ट किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच कर रही हैं।

