मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।गर्लफ्रेंड से झगड़े के बाद फांसी के फंदे पर झूलते युवक के लिए डायल 112 पर तैनात पुलिसकर्मी देवदूत बन गए। पुलिसकर्मी सिद्धांत तोमर ने दरवाजा तोड़कर फांसी के फंदे पर झूल रहे युवक विशाल को नीचे उतारा और सीपीआर देकर उसकी जान बचाई। जरा सी भी देरी हो जाती तो विशाल की जान जा सकती थी। मौके पर मौजूद भीड़ पुलिसकर्मियों को दुआ और शाबाशी देती नजर आ रही थी। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी जिंदगी खतरे से बाहर है। दरअसल, गंगानगर थाना इलाके के कसेरुबक्सर के रहने वाले विशाल का फोन पर अपनी गर्लफ्रेंड से झगड़ा हो गया। विशाल तेज तेज चिलाने लगा। कुछ ही देर बाद उसने कमरे का दरवाजा बंद कर दिया। परिजनों ने खूब दरवाजा खटखटाया लेकिन विशाल ने दरवाजा नहीं खोला। परिजनों ने पुलिस को फोन कर दिया। डायल 112 पर तैनात सिपाही सिद्धांत तोमर मौके पर पहुंचे और दरवाजा ना खुलने पर तोड़ दिया और कमरे के अंदर गए तो विशाल फांसी के फंदे पर झूल रहा था। तुरंत उसे खाट पर लिटाया गया और फिर सीपीआर देकर उसकी जान बचाई गई

