मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।थाना सरूरपुर क्षेत्र में पडने वाले भूनी टोल प्लाजा पर सैनिक के साथ की गई मारपीट के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दिन निकलते ही सोमवार को टोल प्लाजा पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया जिसकी सूचना पर पहुंचे पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को कई घंटे तक ग्रामीणों का गुस्सा झेलना पड़ा। इस दौरान ग्रामीणों ने टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ भी की कई घंटे चले धरना प्रदर्शन के बाद पूर्व विधायक संगीत सोम वहां पहुंचे और अधिकारियों के साथ बात की उन्होंने भी अपने गुस्से का इजहार करते हुए अधिकारियों को सड़क पर ही बैठाया। संगीत सोम ने कहा कि जिले में गुंडइ बढ़ रही है और अधिकारी गहरी नींद सोए हुए हैं इसके बाद 4:00 बजे तक चले धरने में अधिकारियों और और विधायक द्वारा टोल प्लाजा को ब्लैकलिस्टेड करने आरोपियों पर एनएसए में कार्रवाई करने तथा टोल प्लाजा पर किसी भी लोकल के व्यक्ति को न रखने की शर्त पर संगीत सोम के आश्वासन पर धरना समाप्त किया गया। एसपी देहात ने बताया कि इस संबंध में अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है जिन पर विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। आपको बता दें कि थाना सरूरपुर क्षेत्र के गोटका गांव निवासी सेना का जवान कपिल इन दिनों छुट्टी पर घर आया हुआ था। सोमवार को उसे श्रीनगर स्थित अपनी बटालियन में ड्यूटी के लिए आमद करानी थी। रविवार रात करीब नौ बजे कपिल का चचेरा भाई शिवम कार से उसे एयरपोर्ट छोड़ने के लिए ले जा रहा था। कार जैसे ही सरधना क्षेत्र के भूनी टोल प्लाजा पर पहुंची, कपिल ने कर्मचारियों को अपना सेना का पहचान पत्र दिखाकर टोल से निकलने का आग्रह किया।

आरोप है कि टोल कर्मचारियों ने न केवल जवान कपिल का आईडी कार्ड अपने पास रख लिया, बल्कि उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। जब कपिल ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और टोल पर मौजूद कर्मचारियों ने कपिल और उसके भाई शिवम के साथ जमकर मारपीट कर दी। सीसीटीवी में कैद हुई घटना वायरल हो गई वायरल वीडियो में कर्मचारी सैनिक पर लोहे की रोड से हमला करते साफ दिखाई दे रहे हैं वीडियो देखकर आसपास के क्षेत्र के लोगों में आक्रोश पनप गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव गोटका और आसपास के क्षेत्र में गुस्सा फैल गया। सोमवार सुबह सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण भूनी टोल प्लाजा पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और भीड़ ने टोल प्लाजा पर धरना-प्रदर्शन किया। और जमकर तोड़फोड़ भी की ऐसा होते देखा वहां से टोल अधिकारी और कर्मचारी भाग खड़े हुए ग्रामीणों ने टोल फ्री कर दिया।ग्रामीणों का कहना था कि सेना के जवान देश की सुरक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालते हैं और उनके साथ इस तरह का व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एडीएम ई सत्य प्रकाश, एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा सरधना एसडीएम उदित नारायण सेंगर, ने मौके की नजाकत को देखते हुए कई थानों का फोर्स बुला लिया पैरा मिलिट्री को भी बुलाया गया। सरधना थाना प्रभारी प्रताप सिंह ने भीड़ को शांत कराने के लिए ग्रामीणों से बातचीत की और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। लेकिन ग्रामीण नहीं माने वहीं, ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त सजा नहीं दी गई, तो वे बड़े आंदोलन का सहारा लेंगे। धरने की सूचना पर भाजपा जिला अध्यक्ष शिवकुमार राणा, पूर्व विधायक ठाकुर संगीत सोम भी सैकड़ो कार्यकर्ताओं के साथ वहां पहुंचे और अधिकारियों से बात की उन्होंने टोल कर्मियों की हरकत पर कड़ी नाराजगी जाहिर की और हमलावरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की लगभग चार घंटे तक हंगामा चलता रहा, ग्रामीणों की मांग थी कि टोल पर लोकल के कर्मचारी नहीं होने चाहिए 10 किलोमीटर के दायरे को फ्री किया जाना चाहिए साथ ही हमलावरों के अलावा वहां के मैनेजर और गांव छुर निवासी बिट्टू व सोनू के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई।

उसके बद अधिकारियों के आश्वासन पर संगीत सोम ने धरना समाप्त कराया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से भूनी टोल प्लाजा और आसपास के इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो। फिलहाल माहौल तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताया जा रहा है। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है जिन पर एनएसए सहित विभिन्न धाराओं के साथ कार्रवाई की गयी है अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है ।

