मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज़
मेरठ।सरधना के प्रतिष्ठित और समाजसेवी परिवार से ताल्लुक रखने वाले हाजी जुनैद कुरैशी माहिया वाले का गुरुवार को इलाज के दौरान मेरठ के एक अस्पताल में निधन हो गया। वे सरधना के पूर्व विधायक स्वर्गीय हाजी अब्दुल वहीद कुरैशी के भतीजे तथा मरहूम हाफ़िज़ अब्दुल हमीद कुरैशी के पुत्र थे। 45 वर्षीय हाजी जुनैद पिछले एक वर्ष से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।करीब एक साल पूर्व पेट में हल्के दर्द की शिकायत पर दिल्ली के एक अस्पताल में जांच कराई गई थी, जहां डॉक्टर्स ने कैंसर की पुष्टि की। इसके बाद से ही उनका इलाज लगातार दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा था। परिवार ने कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंज़ूर था। गुरुवार की दोपहर उन्होंने अंतिम सांस ली।उनके निधन की खबर जैसे ही सरधना और आसपास के क्षेत्रों में फैली, लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उनके निवास स्थान पर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। उनके जनाज़े में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। मोहल्ला भुलरिया की गलियों में सन्नाटा पसर गया और हर आँख नम दिखाई दी।मरहूम हाजी जुनैद कुरैशी को इशा की नमाज के बाद मेरठ रोड स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया। जनाज़े में क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी, व्यापारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार व आमजन भारी संख्या में शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।हाजी जुनैद कुरैशी का जीवन सादा मगर बेहद असरदार था। वे हर किसी के सुख-दुख में शरीक होते थे। उनका व्यवहार मिलनसार, सौम्य और धार्मिक प्रवृत्ति का था। स्थानीय मस्जिद, मदरसों और ग़रीबों की मदद में वे हमेशा आगे रहते थे। क्षेत्र के कई लोग बताते हैं कि वे कभी भी किसी की मदद से पीछे नहीं हटते थे।वे अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। परिवार में माता-पिता पहले ही इस दुनिया से जा चुके हैं। भाई-बहनों, रिश्तेदारों और विशेषकर उनकी पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हर कोई यही कहता दिखा कि “इतनी जल्दी अल्लाह ने उन्हें क्यों बुला लिया?”सरधना विधायक अतुल प्रधान, पूर्व नगर पालिका चेयरमैन निज़ाम अंसारी, रोटरी क्लब अध्यक्ष, सरधना बार एसोसिएशन अध्यक्ष, विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। सभी ने अल्लाह से दुआ की कि मरहूम को जन्नत में आला मक़ाम अता फरमाए और परिवार को यह सदमा बर्दाश्त करने की ताक़त दे।

