मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज़
(मेरठ)। भारतीय किसान यूनियन (आंदोलनकारी) संगठन ने गुरुवार को नगर अध्यक्ष अकरम बाबू के नेतृत्व में सरधना के उप जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर नगर की विभिन्न समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित कराया।ज्ञापन में मुख्य रूप से आजाद नगर में चरमराई सफाई व्यवस्था और कूड़े के ढेरों से उठती दुर्गंध का मुद्दा उठाया गया, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अकरम बाबू ने इस पर सफाई कर्मचारियों, चेयरमैन प्रतिनिधि और सभासद के उदासीन रवैये पर चिंता व्यक्त की। इसके अतिरिक्त, संगठन ने सरधना में हो रहे व्यापक जलभराव को लेकर भी रोष प्रकट किया। इसे सरधना चेयरमैन की कार्यप्रणाली में कमी बताया गया। दौराला रोड पर पिछले तीन माह से निर्माणाधीन पड़ी एक नाले की पुलिया का भी जिक्र किया गया, जिसके कारण नगर के पानी की निकासी पूरी तरह ठप पड़ी है।ज्ञापन में नगर में लगाए गए स्मार्ट विद्युत मीटरों में आ रही समस्याओं को लेकर भी एक शिकायत पत्र सौंपा गया। इस दौरान नगर सचिव अशरफ, युवा नगर अध्यक्ष सलमान, फरीद, मनीष, अभिषेक, अहद, जुबैर, शाहनीर सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

