सिवालखास विधानसभा से सपा टिकट के दावेदार हैं अंकित शर्मा, जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गूमी बोले—मामले की जानकारी नहीं
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। ब्राह्मण वंशीय एकता लक्ष्य (रजि.) के संस्थापक एवं राष्ट्रीय महामंत्री पंडित हरिप्रकाश शर्मा उर्फ राजू ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अंकित शर्मा पर फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में एसपी देहात को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।शिकायत के अनुसार, हरिप्रकाश शर्मा का आरोप है कि 28 अक्तूबर 2026 की रात करीब 10 बजे उनके मोबाइल पर फोन आया था। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र में घटना से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग होने का भी उल्लेख किया गया है।
सिवालखास से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं अंकित शर्मा
अंकित शर्मा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव हैं और सिवालखास विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के टिकट के दावेदार बताए जा रहे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ लगाए गए आरोप चर्चा का विषय बन सकते हैं। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
फोन पर संपर्क का प्रयास, जिलाध्यक्ष ने जताई अनभिज्ञता
मामले में अंकित शर्मा का पक्ष जानने के लिए उनसे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। वहीं, समाजवादी पार्टी के मेरठ जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गूमी से इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें मामले की कोई जानकारी नहीं है।



