मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।जेएमसी ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स एंड इंस्टीट्यूशन्स, मेरठ द्वारा ग्राम सिसौला खुर्द में निःशुल्क बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस शिविर में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया।शिविर में नेत्र रोग, फिजियोथेरेपी, ईएनटी, हड्डी एवं जोड़ रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, सामान्य चिकित्सा, बाल रोग, मधुमेह तथा उच्च रक्तचाप से संबंधित जांच एवं परामर्श सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। जरूरतमंद मरीजों को चिकित्सकों के परामर्श अनुसार निःशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया।इस अवसर पर आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। साथ ही ग्रामीणों को योजना के लाभ, पंजीकरण प्रक्रिया तथा निःशुल्क उपचार सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।शिविर के दौरान आयुष्मान भारत कार्ड, ईसीएचएस (ECHS), सीजीएचएस (CGHS), सीएपीएफ (CAPF) तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्वास्थ्य कार्ड धारकों को उपलब्ध कैशलेस उपचार सुविधाओं के बारे में भी जागरूक किया गया।कार्यक्रम का विशेष आकर्षण जेएमसी कॉलेज के नर्सिंग एवं पैरामेडिकल छात्रों द्वारा निकाली गई स्वास्थ्य जागरूकता रैली रही। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को हाथों की स्वच्छता, टीबी की रोकथाम, व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण तथा संक्रामक रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। रैली में करीब 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।जेएमसी ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स एंड इंस्टीट्यूशन्स के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग से आयोजित इस शिविर की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत लाभकारी पहल बताया।
