मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
जानी खुर्द। जानी थाना क्षेत्र के सिवालखास मार्ग पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में मुरादनगर निवासी 30 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान फरमान पुत्र जहीर अंसारी निवासी मुरादनगर के रूप में हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार फरमान अपने दो दोस्तों राशिद और अर्श के साथ सिवालखास आया हुआ था। सिवालखास से वापस लौटते समय अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और तेज रफ्तार में सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फरमान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दोनों साथी राशिद और अर्श गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही जानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं डॉक्टरों ने फरमान को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण वाहन का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे थे और, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

