मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
सरूरपुर। थाना सरूरपुर पुलिस ने सोमवार देर रात गौकशी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक गौकश को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और गौकशी में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद किए हैं, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी सरूरपुर पुलिस बल के साथ सोमवार देर रात मेरठ–बागपत जनपद की सीमा पर बरनावा पुल के पास हिंडन नदी क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खिवाई के जंगल में दो दिन पूर्व हुई गौकशी की घटना से जुड़े अभियुक्त एहसान पुत्र जुल्फिकार अपने साथी नन्हे उर्फ नियाज मोहम्मद के साथ गौकशी के उपकरण लेकर खिवाई की ओर जा रहे हैं।सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। कुछ देर बाद दोनों अभियुक्त हाथ में बोरा लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर अभियुक्तों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एहसान के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पुलिस ने घायल अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस, गौकशी में प्रयुक्त दो छुरी, एक बांका, लकड़ी का गुटका, रस्सियां और मोहरी बरामद की हैं। घायल को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी सरूरपुर भेजा गया है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पहले से भी गौवध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। फरार अभियुक्त की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।

