मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
सरूरपुर।थाना क्षेत्र के गांव जसड सुल्तान नगर में अपहरण की झूठी सूचना फैलाने पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामला रविवार रात का है, जब 112 नंबर पर साहिल पुत्र ताहिर नामक युवक ने फोन कर बताया कि किसी व्यक्ति का अपहरण कर लिया गया है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और देर रात तक जांच पड़ताल की, लेकिन कोई अपहरण की घटना सामने नहीं आई।पुलिस को जांच में पता चला कि यह सूचना पूरी तरह झूठी थी और कुछ युवकों ने मिलकर अफवाह फैलाई थी। सोमवार को जसड रोड पर इसी मामले को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, जिसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को हिरासत में ले लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ अफवाह फैलाने, झूठी सूचना देने और शांति भंग करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस किसी भी तरह की अफवाह या गलत सूचना को बर्दाश्त नहीं करेगी। झूठी सूचना देने वाले व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में कोई व्यक्ति इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न करे। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की घटना की सही सूचना ही दें और बिना पुष्टि किए किसी खबर या अफवाह को सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर न फैलाएं।

