मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने गुरुवार को अपने शास्त्रीनगर कैंप कार्यालय पर आवास-विकास के अधीक्षण अभियंता राजीव कुमार एवं सेंट्रल मार्केट के व्यापारियों के साथ बैठक की। इसमें व्यापारियों की समस्याओं, बाजारों की वर्तमान स्थिति और शासन स्तर पर लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।विनीत शारदा ने कहा कि शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट सहित मेरठ के पुराने सभी बाजारों के समुचित विकास और सुधार की अब तत्काल आवश्यकता है। उन्होंने मांग की कि बाजार स्ट्रीट से संबंधित सभी प्रस्ताव शीघ्र बिना देरी के शासन को भेजे जाएँ, जिससे घोषणा जल्द से जल्द हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों को रेगुलर किया जा रहा है, इसलिए मेरठ को भी इसमें शामिल किए जाने पर गंभीरता से जोर दिया जाए। इसके साथ ही 661/6 क्षेत्र के 22 दुकानदारों को उनकी जमीन का मालिकाना हक मिलने संबंधी प्रस्ताव को भी शासन को विस्तार से भेजने की आवश्यकता है।बैठक में सेंट्रल मार्केट में खाली पड़े 1000 गज के प्लॉट पर सरकार द्वारा एक कॉम्प्लेक्स बनाकर व्यापारियों को दुकानें आवंटित करने की मांग पर भी जोर दिया गया, ताकि वर्षों से व्यापार कर रहे इन व्यापारियों को स्थायी समाधान मिल सके। आवास विकास परिषद के अधीक्षण अभियंता ने सभी व्यापारियों और विनीत शारदा को भरोसा दिलाया कि उनकी तरफ से किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी नहीं होगी और सभी कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाकर व्यापारियों को राहत दिलाई जाएगी। बैठक में सेंट्रल मार्केट के अध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल, महामंत्री निमित जैन, अनिल अग्रवाल, पुनीत, उमेश, आलोक रहे।

