मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। जानी क्षेत्र की सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कार सवार व्यक्ति से मारपीट करने के मामले में थाना जानी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों के नाम नवल पुत्र बलजीत निवासी ग्राम रोजा जलालपुर थाना बिशरख नोएडा और वहीं दूसरा व्यक्ति जयभगवान निवासी ग्राम थाना बालैनी जिला बागपत यह कार्रवाई मेरठ के एसएसपी डा विपिन ताड़ा के निर्देश पर की गई है जानी पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर की रात लगभग 11 बजे जानी क्षेत्र में सार्थक सिटी के पास राजवाहे की पटरी पर कुछ युवकों ने एक इर्टिगा कार सवार व्यक्ति से मारपीट की थी। कार में एक महिला और एक बच्ची भी मौजूद थीं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। और पुलिस द्वारा वीडियो में दिख रहे आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद थाना जानी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, कार के रजिस्ट्रेशन नंबर से पता चला कि वाहन अनिल कुमार पुत्र सत्येंद्र निवासी सेक्टर-12 प्रताप विहार, गाजियाबाद का है लेकिन खबर चलने तक पुलिस कार पीड़ित से संपर्क करने की कोशिश में लगी हुई है। गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्तियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की निगरानी और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।

