मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
जानी खुर्द। टिकरी गंगनहर पुलिया एक बार फिर हादसे का सबब बनी। शुक्रवार को मोहनपुरी, मेरठ निवासी मधुर दीक्षित पुत्र राजकुमार (उम्र लगभग 30 वर्ष) की इस पुल पर हुए हादसे में मौत हो गई।जानकारी के अनुसार मधुर दीक्षित अपने रिश्तेदारों से मिलने सतवई गांव आए थे। वापस लौटते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई और वह गंगनहर में समा गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर युवक को बाहर निकाला और तत्काल पांचली सीएचसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं और न ही दोनों ओर कोई मजबूत बैरियर या दीवार बनी है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष अनुराग चौधरी ने बताया कि इस पुलिया को लेकर कई बार प्रशासन को लिखित शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर समय रहते सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ेगा।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पुलिया पर मजबूत रेलिंग, सुरक्षा दीवार और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि और मासूम जिंदगियां हादसों का शिकार न हों।

