मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। जानी थाना क्षेत्र के कलंजरी गांव स्थित राजवहो से एक अज्ञात शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने जैसे ही शव को पानी में तैरते देखा, तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए । सूचना मिलते ही जानी थाने की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार के अनुसार मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। शव की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों से गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। साथ ही ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से भी मृतक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।गौरतलब है कि हाल के दिनों में मेरठ और आसपास के इलाकों में नहरों और जलधाराओं से शव मिलने की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं। और जानी थाना क्षेत्र में तो ज्यादा ही से शव बरामद होने की खबरें सामने आती हैं। इससे लोगों में दहशत का माहौल है।स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि पुलिस इस तरह की घटनाओं में अक्सर देर से कार्रवाई करती है, जिससे कई बार शव की पहचान में दिक्कत होती है और जांच प्रक्रिया भी प्रभावित होती है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर कार्रवाई की जाए तो कई मामलों की सच्चाई सामने आ सकती है।इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि पुलिस मृतक की पहचान कर उसके परिजनों तक सूचना कब तक पहुंचाती है और इस मामले की तह तक पहुंचने में कितनी तेजी दिखाती है।

