मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ : सरूरपुर थाना क्षेत्र के भूनी गांव में रविवार देर रात एक दर्दनाक घटना घटी। गांव का मजदूर पवन अपनी भतीजी के व्रत के लिए सामान लेने दुकान गया था। उसी दौरान गांव के ही विकास और उसके भाई मोतीलाल के साथ उसकी कहासुनी हो गई।रात को शराब के नशे में पवन मोहल्ले के एक चबूतरे पर सो रहा था, तभी मोतीलाल मौके का फायदा उठाकर पहुंचा और ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 15 से ज्यादा बार वार किए, जिससे पवन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर लोग पहुंचे, लेकिन आरोपी फरार हो चुका था। सूचना पाकर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कहा कि फरार आरोपी की तलाश के लिए कार्रवाई जारी है। स्थानीय लोग घटना को लेकर बेहद सहम गए हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।
पुलिस कार्रवाई:
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज एवं गवाहों के बयान एकत्रित किए जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने कहा कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

