सरधना संवाददाता एन 20 न्यूज
सरधना। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने बाढ़ से प्रभावित पंजाब के किसानों की मदद के लिए एक और बड़ा कदम उठाया है। भाकियू के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में, आज भूनी टोल प्लाजा से पंजाब के लिए लगभग 15 मीट्रिक टन (150 क्विंटल) राहत सामग्री भेजी गई।इस सामग्री में राशन, तेल, चीनी, 5 क्विंटल आलू और एक हजार लीटर डीजल जैसी आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं। यह सामग्री कई गांवों के किसानों के सामूहिक प्रयास से इकट्ठा की गई है, जिनमें जटपुरा, कलंजरी, चंदसारा, पिलोना और बहज़दका प्रमुख हैं।जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने बताया कि सभी गांवों के किसानों ने एकजुट होकर एक दस-टायरा ट्रक को पूरी तरह से भरा। इस ट्रक में लगभग 50 कार्यकर्ता भी सवार होकर राहत सामग्री के साथ पंजाब रवाना हुए।अनुराग चौधरी ने कहा कि पंजाब हमारा साथी राज्य है और वहां के किसान हमारे अपने हैं। हम उन्हें किसी भी हाल में अकेला नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि आवश्यकता के अनुसार आगे भी राहत सामग्री भेजी जाती रहेगी। अब तक मेरठ जनपद से पंजाब के लिए कुल 30 टन राशन और एक हजार लीटर डीजल भेजा जा चुका है।उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि वे सेवा भाव से पूरी तरह संगठित होकर काम कर रहे हैं। इस दौरान अनुराग चौधरी के साथ सुनील जटपुरा, सुनील पिलोना, पुष्पेंद्र बहज़ादका, लोकेंद्र, सत्ते, अनूप यादव, कृष्णपाल, ऋषिपाल, वीरेंद्र, विनोद, परविंदर, प्रशांत त्यागी, सुखपाल, सचिन, मोनू, बबलू और मनोज शर्मा सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

