मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
थाना क्षेत्र सरधना के मोहल्ला नंगला रोड स्थित सिया बाग छावनी में शनिवार की रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मोहल्ले के कुछ दबंगों ने एक परिवार के घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। घटना में महिलाओं से अभद्रता की गई, वहीं पथराव के दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके हाथ की अंगुली टूट गई। पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।पीड़ित मोहम्मद ताहिर पुत्र मंगते खान का कहना है कि वह रात करीब 8 बजे घर पर बैठा था। तभी मोहल्ले के ही मुन्तियाज, तसलीम पुत्रगण महमूद, नौशाद वसीम पुत्र मुन्तियाज और उनके 4-5 अज्ञात साथी ईंट-पत्थर, लाठी-डंडे व धारदार हथियार लेकर उसके घर में जबरन घुस आए। आते ही सभी लोगों ने गाली-गलौच शुरू कर दी और कहा कि “तू हमारे रिक्शा को घर के बाहर लगाने से रोकता है, आज तेरा इलाज करते है।”शोर-शराबा सुनकर घर की महिलाएँ और लड़कियाँ कमरे से बाहर आईं तो दबंगों ने उनके साथ भी अभद्रता और गाली-गलौच करनी शुरू कर दी। जब ताहिर ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर और महिलाओं पर लात-घूंसों व डंडों से हमला बोल दिया।इसी दौरान ताहिर का बेटा राशिद मौके पर पहुंचा और बचाने की कोशिश की तो दबंगों ने उसके साथ भी बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि जब राशिद ने पुलिस को फोन करने के लिए मोबाइल निकाला तो हमलावरों ने उसका मोबाइल छीन लिया। इसके बाद आरोपियों ने पूरे परिवार पर ईंट-पत्थरों से पथराव शुरू कर दिया।पीड़ित का कहना है कि पथराव के दौरान घर में लगे शीशे टूट गए और अंदर रखा काफी सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान उसके बेटे राशिद के दाहिने हाथ की अंगुली टूट गई और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि घर की महिलाओं और अन्य सदस्यों को भी चोटें लगीं।चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। जाते-जाते भी उन्होंने घर पर पथराव किया।पीड़ित ताहिर ने थाना सरधना में लिखित तहरीर देकर विपक्षीगण पर जान से मारने की धमकी, मारपीट, छेड़छाड़, गाली-गलौच, मोबाइल छीनने और घर में घुसकर तोड़फोड़ करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने घायल बेटे राशिद का मेडिकल कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।पीड़ित परिवार का कहना है कि विपक्षीगण दबंग और झगड़ालू किस्म के लोग हैं। उन्हें डर है कि वे दोबारा भी इस तरह की घटना को अंजाम दे सकते हैं। फिलहाल पीड़ित परिवार दहशत में है। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

