मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज़
मेरठ।नगर का महत्वपूर्ण और वीआईपी टाउन हॉल रोड जो लंबे समय से अपनी जर्जर हालत और जलभराव की समस्या के लिए सुर्खियों में था, अब उसकी किस्मत बदलने वाली है। हमारे समाचार पत्र में प्रकाशित समाचार के बाद प्रशासन ने इसका संज्ञान लिया है और नगर पालिका ने रोड की मरम्मत का काम शुरू करा दिया है।
यह प्रमुख मार्ग, जो पुलिस चौकी चौराहे से तहसील मुख्यालय और विश्व प्रसिद्ध चर्च तक जाता है, नगर के कई महत्वपूर्ण संस्थानों को जोड़ता है। पूर्व विधायक संगीत सोम का कैंप कार्यालय, आरएन हॉस्पिटल, कुमार पैलेस, पशु चिकित्सालय, कोतवाली, नगर पालिका परिषद कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सेंट जोसेफ और संत चार्ल्स कॉलेज, एसडीएम व सीओ का कार्यालय
सहित कई विद्यालय इसी मार्ग पर स्थित हैं। इसकी दुर्दशा के कारण आए दिन होने वाले हादसों और हल्की सी बारिश में जलभराव से स्थानीय निवासी और राहगीर परेशान थे। सभासद फरमान अंसारी, खालिद अंसारी, आरिफ़ अंसारी, सोनू सैनी, विक्की सैनी, अफजाल रंगरेज, दानिश खान सहित कई लोगों ने इस संबंध में प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की थी।प्रशासन की सक्रियता के बाद, ठेकेदार इरशाद ने अपनी टीम के साथ मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। यह कार्य नगर पालिका से लेकर पूर्व विधायक संगीत सोम के कैम्प कार्यालय तक किया जा रहा है। ठेकेदार इरशाद ने बताया कि रोड़ी तारकोल से बने हिस्से में टाइल्स और सीमेंटेड हिस्से में सीमेंट से मरम्मत का काम किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि यह मरम्मत कार्य ईओ दीपिका शुक्ला के आदेश पर शुरू किया गया है और जेई के स्तर से पैमाइश करके इसे सत्यापित किया जाएगा।करीब 700 मीटर लंबा यह मार्ग अब जल्द ही गड्ढा-मुक्त और सुगम हो जाएगा, जिससे नगरवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और दुर्घटनाओं पर भी लगाम लगेगी।

