मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।सरधना क्षेत्र के गांव राधना में खेत में काम कर रहे 22 वर्षीय युवक की हाईटेंशन लाइन से करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि खेतों से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूटा हुआ था, जिसकी चपेट में आने से युवक की मौके पर ही जान चली गई।घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को उठाकर ग्राम भमोरी स्थित बिजली घर के बाहर रख दिया और ऊर्जा निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए धरना शुरू कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।ग्रामीणों का कहना है कि खेतों से गुजर रही हाईटेंशन लाइन लंबे समय से नीचे लटक रही थी और कई स्थानों पर पेड़ों से टकरा रही थी। इस गंभीर समस्या को लेकर बिजली विभाग को कई बार शिकायत की गई, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते लाइन की मरम्मत कर दी जाती तो युवक की जान बचाई जा सकती थी।घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीण मृतक के परिवार को मुआवजा और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।

