मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।थाना सरधना क्षेत्र के ग्राम नंगला आर्डर में आवारा पशुओं का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। दो दिन पूर्व आवारा गाय की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुई महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई, जिससे गांव में शोक और रोष का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम नंगला आर्डर निवासी राजपाल की बहन श्रीमती महेन्द्री पत्नी स्वर्गीय सुकली, मूल निवासी ग्राम बासरी तहसील जानसठ जिला मुजफ्फरनगर, शुक्रवार को अपने घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान अचानक वहां पहुंची एक आवारा गाय ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला जमीन पर गिर पड़ी और उन्हें गंभीर चोटें आईं। गाय ने पेट में सींग देकर फाड़ दिया थापरिजन तुरंत घायल महिला को ईश्वर नर्सिंग होम, सरधना लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा था। इलाज के दौरान सोमवार को महिला ने दम तोड़ दिया। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।घटना के बाद ग्रामीणों में आवारा पशुओं को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा गायों और अन्य पशुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिसके चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग और प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है।पीड़ित परिवार व ग्रामीणों ने प्रशासन से घटना का संज्ञान लेते हुए दोषियों की जिम्मेदारी तय करने, आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान करने और मृतक महिला के परिवार को उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है। इस दौरान संजीव कुमार, सुखपाल, रामकुमार, राहुल, राजपाल, श्रीमती मीना सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।

