मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के दावों के बीच जनपद के ग्रामीण क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सरकारी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पांचाली खुर्द स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) परिसर में खड़ी एक खराब एंबुलेंस से इंजन और खिड़की से जुड़े कीमती स्पेयर पार्ट गायब पाए गए हैं।यह एंबुलेंस लंबे समय से सीएससी परिसर में खड़ी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले एंबुलेंस खराब हुई और फिर धीरे-धीरे उसके पुर्जे भी गायब होते चले गए। ग्रामीणों का आरोप है कि लाखों रुपये कीमत के पार्ट निकाल लिए गए हैं।
ग्रामीणों के आरोप
क्षेत्रवासियों का कहना है कि बिना अंदरूनी मिलीभगत के सरकारी परिसर में खड़ी एंबुलेंस से इस तरह स्पेयर पार्ट गायब होना संभव नहीं है। लोगों ने सीएससी प्रभारी की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सरकारी संपत्ति को नुकसान
एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवा की गाड़ी का इस हालत में पहुंचना न केवल सरकारी संपत्ति की क्षति है, बल्कि ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी बड़ा झटका है। यदि समय पर मरम्मत होती, तो क्षेत्र के मरीजों को इसका लाभ मिल सकता था।
जांच की मांग
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, जिम्मेदार लोगों पर एफआईआर दर्ज करने और एंबुलेंस को तत्काल ठीक कराने की मांग की है।फिलहाल सीएससी प्रभारी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना यह होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस गंभीर प्रकरण में क्या कदम उठाता है।

