मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ ।मोहल्ला कमरा नवाबान स्थित नेशनल पब्लिक स्कूल के आसपास तथा गंज बाजार के मुख्य मार्ग पर इन दिनों जलभराव की समस्या ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। क्षेत्र में फैला गंदा पानी न केवल राहगीरों के लिए मुसीबत बना हुआ है, बल्कि दुकानदारों की रोजमर्रा की दुकानदारी भी गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि जलभराव की यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि नगर पालिका की लापरवाही के कारण पिछले कई वर्षों से ज्यों की त्यों बनी हुई है।छोटी-छोटी दुकानों से लेकर बड़े कारोबारियों तक सभी इस समस्या से जूझ रहे हैं। रास्तों पर जमा गंदे पानी और कीचड़ के कारण ग्राहक बाजार तक पहुंचने से बच रहे हैं, जिससे व्यापार ठप होने की स्थिति आ गई है। वहीं, रोजाना इन रास्तों से गुजरने वाले स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी के कारण फिसलने और दुर्घटना का भी डर लगातार बना रहता है।सबसे ज्यादा परेशानी नेशनल पब्लिक स्कूल और के.के. पब्लिक स्कूल के बच्चों को उठानी पड़ रही है। स्कूल जाने वाले मार्गों पर जलभराव होने से छात्र-छात्राओं को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। अभिभावकों ने बताया कि छोटे बच्चों को संभालकर ले जाना बहुत मुश्किल हो रहा है। कई बार बच्चे पानी में फिसलकर गिर भी गए।बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. महेश सोम का क्लीनिक भी इसी क्षेत्र में स्थित है। जलभराव के कारण मरीजों और उनके तीमारदारों को क्लीनिक तक पहुंचने में बेहद असुविधा हो रही है। कई मरीज पानी में चलते-चलते भीग जाते हैं, जिससे बीमार बच्चों और बुजुर्गों की स्थिति और खराब होने की आशंका रहती है।क्षेत्रवासियों ने बताया कि जलभराव की समस्या का मुख्य कारण नालियों की नियमित सफाई न होना है। नालियां बंद होने के कारण पानी का निकास नहीं हो पाता और थोड़ी सी बारिश या पानी का बहाव भी सड़क पर जमा होकर गंदगी फैलाता है। इससे क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा और बढ़ जाता है।सभासद पति हाशिम बोले – कई बार उठाई समस्या, पर सुनवाई नहींक्षेत्रीय सभासद पति हाशिम ने बताया कि वह इस समस्या को लंबे समय से उठाते आ रहे हैं। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें कीं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इससे जनता का गुस्सा उन पर फूट रहा है, जबकि जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की है।हाशिम ने जिला अधिकारी और नगर पालिका के अधिकारियों से तुरंत कार्रवाई की मांग की है ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि नगर पालिका प्रशासन जल्द स्थिति नहीं सुधारता, तो वह सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन करेंगे। लोगों ने कहा कि वर्षों से चली आ रही इस समस्या का समाधान केवल नालियों की सफाई, जल निकासी प्रणाली में सुधार, और सड़कों की मरम्मत से ही संभव है।क्षेत्रवासियों की मांग है कि प्रशासन तुरंत काम शुरू करे, ताकि उन्हें जलभराव और गंदगी की समस्या से छुटकारा मिल सके और स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों, दुकानदारों और राहगीरों को राहत मिल सके।

