मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।सरधना क्षेत्र में कार्यरत संविदा लाइनमैन राजेश को उपभोक्ताओं द्वारा गोली मारकर गंभीर रूप से घायल किए जाने की घटना से विद्युत विभाग में भारी रोष व्याप्त है। घायल लाइनमैन का उपचार वर्तमान में एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना को लेकर संविदा कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। जिसको लेकर उन्होंने एक मीटिंग चौधरी चरण सिंह कावड मार्ग स्थित बिजली घर परिसर में की और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न होने तक कार्य बहिष्कार करने का ऐलान किया है। इसके बाद संविदा कर्मी एकत्रित होकर सरधना मेरठ मार्ग पर स्थित बिजली घर पर एक्स ई एन दुर्गेश कुमार जायसवाल से मिले और उन्हें भी एक पत्र सौंप कर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया बैठक की अध्यक्षता निविदा संविदा सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भूपेंद्र सिंह ने की तथा संचालन प्रभात विश्वकर्मा ने किया। संविदा कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने इस घटना को अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं की जाती है, तो सरधना क्षेत्र में कोई भी संविदा कर्मचारी कार्य नहीं करेगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि 11 दिसंबर 2025 के बाद पूरे मेरठ जनपद में संविदा कर्मचारी कार्य बहिष्कार करेंगे।भूपेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसी स्थिति में यदि विद्युत आपूर्ति बाधित होती है तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि हमलावरों के विरुद्ध कड़ी धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि कर्मचारियों में भय का माहौल समाप्त हो सके।घटना के बाद विद्युत विभाग के संविदा कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो गई है। कर्मचारियों का कहना है कि आए दिन उपभोक्ताओं द्वारा मारपीट और धमकी की घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कठोर कार्रवाई नहीं की जाती।इस संबंध में ऊर्जा मंत्री, पावर कॉरपोरेशन के वरिष्ठ अधिकारियों, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को भी पत्र भेजकर अवगत कराया गया है।यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में जिले की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। इस अवसर पर सुभाष कुमार, सचिन कुमार, डिवीजन अध्यक्ष ठाकुर सरजीत सिंह, अतुल कुमार, सौदान सिंह, सोनू कुमार, विपिन कुमार, अमित चौधरी आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

