मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।ग्राम पंचायत टेरहकी में मतदाता सूची से लगभग 300 मतदाताओं के नाम काटे जाने का मामला अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। इस संबंध में भारतीय किसान यूनियन (किसान सभा) के जिला अध्यक्ष निखिल राव की अध्यक्षता में ग्रामवासियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं संगठन पदाधिकारी शामिल हुए।बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष निखिल राव ने कहा कि काटे गए मतों में से करीब 150 वोट पूरी तरह वैध हैं। ये मतदाता पिछले लगभग 20 वर्षों से निरंतर मतदान करते आ रहे हैं। इसके बावजूद बिना किसी पूर्व सूचना, आपत्ति या वैधानिक प्रक्रिया के मतदाता सूची से नाम हटाया जाना लोकतांत्रिक अधिकारों का घोर उल्लंघन है। उन्होंने आरोप लगाया कि बी.एल.ओ. गीता देवी द्वारा यह कार्रवाई मनमाने और संदिग्ध तरीके से की गई है, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।निखिल राव ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई और सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में बहाल नहीं किए गए, तो संगठन और ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे। बैठक के बाद नायब तहसीलदार सरधना भूपेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच, 150 पूर्णतः वैध मतदाताओं सहित सभी पात्र लोगों के नाम तत्काल मतदाता सूची में जोड़ने तथा दोषी बी.एल.ओ. के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।इस अवसर पर सहरोज मलिक, शादाब खान, मुंफरीद, सरफराज अंसारी, साबिर अंसारी, शराजुद्दीन (चेयरमैन), आदिल, साजिद, शाहिद आरिफ, नजाकत खान, अहसास, शाकीर, फईम, मजहर सहित अनेक संगठन साथी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि मताधिकार की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा और लोकतंत्र से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

