सरधना संवाददाता एन 20 न्यूज
सरधना । सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल सरधना में 30 व 31 अगस्त को कर्मचारियों के लिए एक व्यापक करियर मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्रों को उनके भविष्य के करियर विकल्पों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सही दिशा प्रदान करना तथा उनकी क्षमता के अनुरूप सही करियर चुनने में मदद करना था।कार्यशाला में करियर काउंसलिंग के विशेषज्ञों ने विभिन्न क्षेत्रों जैसे – शिक्षा, विज्ञान एवं तकनीक, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, प्रबंधन, आर्ट्स, खेलकूद, उद्यमिता और सरकारी सेवाओं में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने छात्रों को बताया कि कैसे वे अपनी रुचियों, कौशलों और योग्यताओं का सही मूल्यांकन कर अपने करियर का चयन कर सकते हैं।विद्यालय के डायरेक्टर ठाकुर प्रीतिश कुमार सिंह ने कहा कि आज के समय में करियर विकल्प पहले से कहीं अधिक बढ़ गए हैं। ऐसे में छात्रों के लिए सही मार्गदर्शन बेहद आवश्यक है ताकि वे सोच-समझकर भविष्य की दिशा तय कर सकें। मैनेजर शालविक जैन व श्रीमती शिवानी जैन ने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं छात्रों को अपने सपनों को साकार करने का आत्मविश्वास देती हैं।प्रधानाचार्य डॉ. रोहित मेहरा ने बताया कि विद्यालय हमेशा से ही छात्रों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उनके समग्र विकास पर ध्यान देता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की कार्यशालाएं समय-समय पर आयोजित की जाती रहेंगी।अंत में, विद्यालय प्रबंधन ने कार्यशाला को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी संसाधन व्यक्तियों, शिक्षकों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उनका मानना है कि इस तरह के प्रयास छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करेंगे।

