मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ । जसड सुल्ताननगर गांव में छेड़छाड़ के मामले को लेकर हुए बवाल में पुलिस ने सोमवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोनिस और वाहिद पुत्र आफ़ी उर्फ बुंदू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, चार दिन पहले हुए इस बवाल के दौरान मुख्य आरोपी अनस ने फायरिंग की थी, जिसकी एक गोली वहां से गुजर रहे हिमांशु पुत्र ईश्वर चंद को जा लगी थी। घायल हिमांशु को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।इस प्रकरण में पुलिस अब तक कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले 14 आरोपियों को तमंचों, कारतूसों और धारदार हथियारों के साथ जेल भेजा गया था। थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि गांव में स्थिति अब सामान्य है, लेकिन एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार गश्त जारी है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि गांव में शांति भंग करने या माहौल खराब करने की किसी भी कोशिश पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

