मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।सरधना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर मेरठ–करनाल हाईवे पर उस समय हृदयविदारक हादसा हो गया जब तेज रफ्तार में चल रही एक स्कूटी सामने चल रही ईंटों से भरी ट्रॉली में जा घुसी। हादसा गांव बोबकपुर कट के पास हुआ, जहां सड़क किनारे मौजूद लोगों ने घटना को अपनी आंखों से होते देखा। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों युवक एक ही स्कूटी पर सवार होकर अपने गांव पांचली लौट रहे थे। हाईवे पर आगे चल रही बस को ओवरटेक करने के दौरान स्कूटी चालक ने तेज रफ्तार के कारण नियंत्रण खो दिया और स्कूटी सीधे आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रॉली से टकरा गई।स्कूटी चला रहा 20 वर्षीय हर्षित पुत्र रामवीर और उसके साथ बैठा 18 वर्षीय नितिन पुत्र पवन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दोनों के शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर जुटे, लेकिन दोनों को बचाया नहीं जा सका। वहीं स्कूटी के पीछे बैठा 25 वर्षीय आयुष पुत्र अशोक गंभीर रूप से घायल हो गया, जो सड़क पर दूर जा गिरा था। स्थानीय लोगों और पुलिस ने उसे तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।हादसे की सूचना मिलते ही दोनों युवकों के परिजन और पांचली बुजुर्ग गांव के सैकड़ो ग्रामीण अस्पताल और फिर मोर्चरी पहुंचे। वहां का दृश्य बेहद भावुक और हृदयविदारक था। परिजनों का रो–रोकर बुरा हाल था। जानकारी के अनुसार हर्षित तीन बहनों का इकलौता भाई था और घर की पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी, जबकि नितिन दो भाइयों में छोटा था और घर में सबसे चहेता था। दोनों की अचानक मौत की खबर से गांव पांचली में मातम पसर गया है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों बेहद मिलनसार और सरल स्वभाव के युवा थे।हादसे की सूचना पर पहुंची सरधना थाना पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और ट्रॉली चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रॉली बिना नंबर की थी या ओवरलोड थी, क्योंकि कई बार ईंटों की ट्रॉलियां हाईवे पर खतरनाक स्थिति में खड़ी रहती हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

