मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ । मेरठ-बागपत रोड पर मंगलवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जानी खुर्द स्थित पीर मजार के पास उस समय हुआ जब एक टाटा अल्ट्रोज कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बिजली के पोल से टकरा गई और पलट गई।बताया गया कि ग्राम नन्दपुरा में आयोजित एक शादी समारोह से छह लोग कार में सवार होकर रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान जैसे ही कार जानी खुर्द के पीर मजार के पास पहुंची, अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। कार तेज रफ्तार में बिजली के पोल से टकराते हुए सड़क किनारे पलट गई।हादसे में रोहित (35) पुत्र प्रकाश निवासी बहादुरपुर जनपद अमरोहा और सुमन (45) पत्नी शेरबहादुर निवासी ग्राम तियरा थाना बदलापुर जनपद जौनपुर की मौके पर ही मौत हो गई।वहीं हादसे में शिवम (32) पुत्र शेरबहादुर, छोटी (15) पुत्री शेरबहादुर, शेरबहादुर (55) तथा आयुषी (12) पुत्री सुभाष घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया कार के अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराने के कारण हादसा होना प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

