विषेश संवाददाता एन 20 न्यूज़
मेरठ।शुक्रवार को गंगनहर में तीन बहते शवों को देखकर हड़कंप मच गया। गंगनहर में तीन अलग-अलग स्थानों पर तीन शव बहते हुए दिखाई दिए। यह दृश्य इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे आमजन के साथ-साथ प्रशासन भी चर्चा में आ गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि शवों को देखने के बावजूद पुलिस ने उन्हें बाहर नहीं निकलवाया और पूरी तरह से लापरवाही बरती।ग्रामीणों ने बताया कि पहला शव मानपुरी के सामने, दूसरा दौराला पुल और भोला झाल पर तीसरा शव कांवड़ पटरी मार्ग पर ही बिजली घर के सामने बहता हुआ दिखाई दिया। कांवड़ यात्रा को देखते हुए इन दिनों प्रशासन द्वारा हर दो सौ मीटर की दूरी पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके बावजूद, ग्रामीणों का कहना है कि शव बहते रहे और पुलिस ने उन्हें अनदेखा कर दिया। तीन शव एक ही दिन गंगनहर में बहते मिले। सुरक्षा पर उठे सवाल ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी होने के बावजूद शवों को बाहर नहीं निकाला गया। उनका कहना है कि जब रास्ते भर पुलिस तैनात है तो शव कैसे बिना किसी संज्ञान के गंगनहर में बहते रहे। फोटो वायरल होते ही मचा हड़कंप इस घटना की जानकारी तब आम लोगों तक पहुंची जब इंटरनेट मीडिया पर शवों की तस्वीरें वायरल होने लगी। इन तस्वीरों को देखकर क्षेत्र में आक्रोश और चिंता दोनों फैल गई। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि ये शव कांवड़ यात्रियों के है। तो यह बेहद चिंताजनक है और अगर कोई हादसा या आपराधिक मामला है तो प्रशासन की निष्क्रियता और भी गंभीर बन जाती है।सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है ऐसा कुछ है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। जबकि स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से शवों की पहचान कराने पोस्टमार्टम कराने और घटना की जांच करवाने की मांग की है।

