मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।थाना सरधना क्षेत्र के ग्राम अटेरना में सोमवार शाम दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। दीपावली के बाद के दिन गांव में आपसी रंजिश के चलते जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें एक ही पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार ग्राम अटेरना निवासी मनोज कुमार पुत्र नारायण सिंह सोमवार शाम करीब 6:50 बजे अपने घर लौट रहे थे। तभी गांव के ही विकास पुत्र सुभाष, आशीष पुत्र रामवतार, मोहित पुत्र विश्वास, राहुल पुत्र सतपाल, सचिन पुत्र सुरेंद्र और विपिन पुत्र शिवकुमार अपने 10-15 अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी ने एकजुट होकर मनोज कुमार और उनके साथियों पर लाठी-डंडे, ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।पीड़ित पक्ष के अनुसार आरोपियों ने हमला करते समय जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी। घटना में मनोज कुमार, श्याम नारायण पुत्र राय सिंह और श्याम कुमार पुत्र राय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य लोग किसी तरह जान बचाकर मौके से भागे।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। बताया जा रहा है कि दीपावली पर्व होने के कारण पहले से मौजूद भीड़ और उत्सव के माहौल के बीच अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना मिलने पर थाना सरधना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। थाना प्रभारी दिनेश प्रताप व एसपी देहात अभिजीत सिंह भी गांव में पहुंचे और सभी से शांति बनाए रखने की अपील की। पीड़ित मनोज कुमार ने थाने पहुंचकर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ जान से मारने की नीयत से हमला करने तथा जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। साथ ही गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

