समेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
रोमेरठ।हटा क्षेत्र में एक व्यक्ति अपनी मेहनत की कमाई से खरीदी गई जमीन पर आठ साल से कब्जा नहीं पा सका है। जमीन विक्रेता दबंगई के दम पर न्यायालय के आदेश को भी नहीं मान रहा है, जिसके चलते पीड़ित न्याय के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहा है। पुलिस और प्रशासन से भी कोई मदद न मिलने पर पीड़ित ने अब जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की गुहार लगाई है। पीड़ित देवेंद्र पुत्र योगराज ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2017 में गांव के ही एक व्यक्ति से 281 वर्ग मीटर जमीन खरीदी थी। जमीन खरीदने के कुछ समय बाद ही आरोपी ने उन्हें कब्जा देने से मना कर दिया और अपनी जमीन पर मालिकाना हक जताते हुए न्यायालय में मुकदमा दायर कर दिया। देवेंद्र ने बताया कि वर्षों तक चले कानूनी संघर्ष के बाद न्यायालय ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया और उन्हें जमीन पर मालिकाना हक दे दिया। कानूनी जीत के बावजूद, आरोपी ने उन्हें कब्जा नहीं दिया।पीड़ित का आरोप है कि आरोपी दबंग किस्म का व्यक्ति है। जब भी देवेंद्र जमीन पर कब्जा लेने की कोशिश करते हैं, आरोपी उनके साथ मारपीट करता है और जान से मारने व झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देता है। पीड़ित देवेंद्र ने बताया कि वह न्यायालय के आदेश के बाद भी कब्जा पाने के लिए पुलिस के दरवाजे से लेकर तहसील दिवस तक अधिकारियों के चक्कर लगाकर थक चुके हैं। उनका आरोप है कि आरोपी के दबंग होने के चलते पुलिस-प्रशासन भी उन्हें जमीन का हक नहीं दिलवा रहा है। निराश होकर देवेंद्र ने अब जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री को लिखित शिकायत भेजकर अपनी जमीन पर तत्काल कब्जा दिलवाने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

