मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। सरूरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला उस समय सनसनी का कारण बन गया, जब विवाहिता से मिलने उसके घर पहुंचे युवक को परिजनों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। युवक घर में चोरी-छिपे दाखिल हुआ था, लेकिन परिजनों की नजर पड़ते ही उसे पकड़ लिया गया और एक कमरे में बंद कर दिया गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, जो मौके पर पहुंचकर दोनों को थाने ले आई।मामले की जांच में सामने आया कि विवाहिता की लगभग तीन वर्ष पहले शादी हुई थी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही उसका प्रेम प्रसंग गांव निवासी एक युवक से हो गया था। बताया गया कि रविवार को मौका देखकर युवक विवाहिता से मिलने उसके घर पहुंचा, जहां परिजनों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।थाने में पूछताछ के दौरान मामला और स्पष्ट हुआ। विवाहिता के पति ने भी थाने में आकर पत्नी को साथ रखने से इंकार कर दिया। पति का कहना था कि यदि विवाहिता युवक के साथ ही जीवन बिताना चाहती है, तो वही उसके रहे।वहीं थाना प्रभारी अजेय शुक्ला ने बताया कि पूछताछ में दोनों—विवाहिता और युवक—ने एक-दूसरे के साथ रहने की इच्छा जताई। इसके बाद पुलिस ने दोनों के परिजनों, समाज के सम्मानित लोगों और रिश्तेदारों को बुलाकर बातचीत कराई।सूत्रों के अनुसार दोनों परिवारों ने आपसी सहमति बनाते हुए दोनों की शादी कराने का निर्णय लिया। समाज के कई लोगों ने भी रिश्तेदारों के साथ मिलकर इस फैसले को स्वीकार किया और मामले को शांतिपूर्ण ढंग से निपटा दिया।घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में जोरों से फैल गई है। पुलिस का कहना है कि अब मामला पूरी तरह सहमति से सुलझ चुका है।

