Oplus_16908288
बच्चों से मारपीट के विरोध पर पूरे परिवार पर हमला, दहशत में घर छोड़ने की तैयारी
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। जानी थाना क्षेत्र के गांव नगला कुम्भा से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां दबंगों के अत्याचार से परेशान एक परिवार ने पलायन का ऐलान कर दिया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पीड़ित परिवार ने पुलिस पर भी गंभीर लापरवाही और अनदेखी के आरोप लगाए हैं।
पीड़ित जियाउलहक के अनुसार, उनके पड़ोसी जावेद और शौकीन ने पहले उनके बच्चों के साथ मारपीट की और विरोध करने पर पूरे परिवार को निशाना बनाया। आरोप है कि घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई, लेकिन समय पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आरोपियों के हौसले और बुलंद हो गए।
परिवार का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के बावजूद पुलिस ने न तो सुरक्षा मुहैया कराई और न ही आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की। इसी लापरवाही से तंग आकर परिवार ने अपने घर के बाहर “पलायन” का पोस्टर लगा दिया, जो अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
ग्रामीणों का भी आरोप है कि अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती, तो मामला इतना नहीं बढ़ता। गांव में इस घटना को लेकर आक्रोश है और लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाते हुए कहा है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे गांव छोड़ने को मजबूर होंगे। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
अब सवाल उठता है कि क्या पुलिस की इस कथित लापरवाही पर कोई जिम्मेदारी तय होगी, या फिर एक और परिवार सिस्टम की अनदेखी का शिकार बन जाएगा। पूरे मामले पर प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार है।

