मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज़
मेरठ/लखनऊ। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को ट्रांसपोर्ट कमिश्नर बृजेश नारायण सिंह से लखनऊ में मुलाकात की और प्रदेश भर में ARTO कार्यालयों में हो रहे भ्रष्टाचार और किसानों के शोषण की शिकायतें दर्ज कराईं। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन त्यागी ने कमिश्नर को ज्ञापन सौंपते हुए मेरठ सहित विभिन्न जिलों में हो रही अनियमितताओं का विस्तृत ब्यौरा दिया।पवन त्यागी ने आरोप लगाया कि प्रदेश के अधिकांश ARTO कार्यालयों में बिना सुविधा शुल्क के कोई भी कार्य नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “किसानों और आमजन से निर्धारित शुल्क से पाँच गुना अधिक पैसा वसूला जा रहा है। यदि कोई किसान सुविधा शुल्क नहीं देता, तो उसका काम अधर में लटका दिया जाता है।”उन्होंने विशेष रूप से मेरठ ARTO प्रीति पांडे के खिलाफ शिकायत करते हुए कहा कि वे भाजपा सरकार और अपने उच्चाधिकारियों की छवि खराब करने का प्रयास कर रही हैं। पवन त्यागी ने आरोप लगाया कि “प्रीति पांडे एक ट्रक से 6000 रुपये तक सुविधा शुल्क वसूलती हैं, और जो ट्रक मालिक यह रकम नहीं देता, उसका चालान काट दिया जाता है।” उन्होंने यह भी बताया कि ARTO अधिकारी वाहन मालिकों और चालकों के साथ अभद्र व्यवहार करती हैं, और कई बार गाड़ियों के GPS और लॉक तक तोड़ दिए जाते हैं।प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि मैडम अपनी सरकारी गाड़ी अपने रिश्तेदार और निजी ड्राइवर को सौंप देती हैं, जो मैडम की गैरमौजूदगी में सरकारी गाड़ी का दुरुपयोग कर ट्रक चालकों से अवैध वसूली करते हैं।कमिश्नर बृजेश नारायण सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि “सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।”इस अवसर पर लखनऊ महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र, प्रदेश अध्यक्ष महबूब बालियान, पूर्वी प्रदेश महासचिव प्रमोद कुमार, रायबरेली जिला महासचिव सचिन तिवारी, जिला महामंत्री सादिक, युवा जिला उपाध्यक्ष हनी चौधरी समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

