मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ ।सरधना क्षेत्र के ग्राम कालंद की बेटी तनु त्यागी पुत्री मुकेश त्यागी ने कड़ी मेहनत और लगन से वह सफलता अर्जित की है, जो न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र और प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। वर्ष 2025 में उन्होंने कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विषय में परास्नातक (M.Tech) की परीक्षा में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उन्हें स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।दीक्षांत समारोह में प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल तथा अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने मंच पर आकर तनु त्यागी को स्वर्ण पदक व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति व वरिष्ठ प्रोफेसरों ने उनकी मेधा और परिश्रम की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।गाँव कालंद में जैसे ही यह खबर पहुँची, पूरे गाँव में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया और घर-घर बधाइयाँ दीं। तनु के सम्मान में मिठाइयाँ बाँटी गईं और ग्रामीणों ने कहा कि तनु ने साबित कर दिया है कि गाँव की बेटियाँ भी कड़ी मेहनत और दृढ़ निश्चय से नई ऊँचाइयाँ छू सकती हैं।तनु के पिता मुकेश त्यागी ने गर्व से कहा – “यह उपलब्धि केवल तनु की नहीं बल्कि पूरे कालंद गाँव की है। उसने हमारे सपनों को साकार किया है।” वहीं उनकी माता भावुक होकर बोलीं – “बेटियों को पढ़ाना सबसे बड़ा निवेश है। तनु की सफलता ने हमें और भी सशक्त बना दिया है।”गाँव की महिलाओं और युवतियों ने तनु को अपनी प्रेरणा बताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से गाँव की बेटियों के लिए नई राह खुलेगी।तनु त्यागी ने अपनी सफलता पर कहा –“यह सम्मान मेरे माता-पिता, शिक्षकों और मित्रों के आशीर्वाद का परिणाम है। मेरा सपना आईटी क्षेत्र में रिसर्च कर देश की तकनीकी प्रगति में योगदान देने का है। साथ ही, मैं चाहती हूँ कि गाँव की और बेटियाँ शिक्षा प्राप्त कर समाज को नई दिशा दें।”

