भाजपा नेता पंडित आदेश फौजी के नेतृत्व में यूनूस सरकार का पुतला दहन, लगे तीखे नारे
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ ।बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों के खिलाफ रविवार को सरधना क्षेत्र के ग्राम दबथुवा में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन भाजपा नेता पंडित आदेश फौजी के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान बांग्लादेश की यूनूस सरकार का पुतला दहन किया गया और “बांग्लादेश मुर्दाबाद”, “यूनूस सरकार मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए गए।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, उनके धार्मिक स्थलों, घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर हमले किए जा रहे हैं, जिसे अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन और विश्व समुदाय को गंभीरता से लेना चाहिए। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश की वर्तमान यूनूस सरकार कट्टरपंथी तत्वों के दबाव में काम कर रही है और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है।सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेता पंडित आदेश फौजी ने कहा कि भारत बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को चुपचाप नहीं देख सकता। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि हालात नहीं सुधरे तो भारत में बड़ा जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा। पंडित आदेश फौजी ने भारत के मुस्लिम समाज, मौलानाओं और विभिन्न मुस्लिम संगठनों से अपील करते हुए कहा कि उन्हें फतवा जारी कर बांग्लादेश की कट्टरपंथी यूनूस सरकार के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए और हिंदू समुदाय के समर्थन में बांग्लादेशी मुसलमानों के सामाजिक बहिष्कार पर विचार करना चाहिए।उन्होंने कहा कि भारत की पहचान हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई भाईचारे से है और इसी एकता को मजबूत कर कट्टरपंथ को हराया जा सकता है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों का विरोध दर्ज कराना आज की सबसे बड़ी जरूरत है।प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने भारत सरकार से भी मांग की कि वह कूटनीतिक स्तर पर बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाए, ताकि वहां हिंदू समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही संयुक्त राष्ट्र और अन्य वैश्विक संस्थाओं से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की गई।इस अवसर पर जोनी चौधरी, सत्यप्रकाश जांगिड़, किसान नेता वीरपाल सिंह, धर्मेंद्र चौधरी, अंकित चौधरी, अंकित कश्यप, सुमित बाल्मीकि, विपिन कुमार, सिद्धांत, अतुल कश्यप, योगेश गोस्वामी, जगवती, सुदेश, बाला देवी सहित अनेक गणमान्य लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और अंत में सभी ने एकजुट होकर बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की कामना की।

