मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। एसएसपी मेरठ ने शनिवार की देर रात्रि को एसपी देहात की मौजूदगी में थाना जानी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय की कार्यप्रणाली, पुलिस बल की ड्यूटी व्यवस्था, कानून-व्यवस्था की स्थिति और अपराध नियंत्रण की गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान एसएसपी डॉ विपिन ताड़ा ने थाना कार्यालय के विभिन्न रजिस्टरों जैसे रजिस्टर नं-04, गैंग रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर, ग्राम अपराध रजिस्टर आदि का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने रजिस्टरों के समय पर अंकन और अद्यतन रखरखाव की स्थिति की जांच भी की ।इसके साथ ही उन्होंने बैरक भोजनालय, हवालात, मालखाना, साइबर हेल्प डेस्क, महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र और शस्त्रागार का भी निरीक्षण किया तथा स्वच्छता और रखरखाव को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। एसएसपी डॉ विपिन ताड़ा ने मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों से संवाद कर उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करने और जनता की सेवा में तत्पर रहने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने शस्त्रों के सुरक्षित रखरखाव और नियमित शस्त्राभ्यास पर भी जोर दिया।निरीक्षण के अंत में एसएसपी डॉ विपिन ताड़ा ने थाना परिसर की मरम्मत, रिकॉर्ड अपडेट, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण और मिशन शक्ति अभियान जैसी पहलों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार जनता के प्रति संवेदनशील होना चाहिए ताकि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हो।

