अनीश अहमद संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। महिलाओं के सम्मान और गरिमा के सवाल को लेकर सिवालख़ास विधानसभा क्षेत्र के सिवालख़ास क़स्बे में मंगलवार को समाजवादी पार्टी की ओर से जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। समाजवादी मैदान में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ नारेबाज़ी करते हुए उनका पुतला फूंका गया।प्रदर्शनकारियों ने डॉ. नुसरुत परवीन के साथ कथित रूप से हिज़ाब खींचे जाने की घटना को शर्मनाक बताते हुए इसे महिलाओं के सम्मान पर सीधा हमला करार दिया। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता शामिल हुए।प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सपा नेता गौरव चौधरी ने कहा कि महिलाओं की अस्मिता और सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार की घटनाएं समाज में गलत संदेश देती हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।प्रदर्शन के दौरान “महिला सम्मान ज़िंदाबाद” और “अन्याय नहीं सहेंगे” जैसे नारे लगाए गए। कार्यक्रम शांतिपूर्ण रहा, जबकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय प्रशासन मौके पर मौजूद रहा।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के आंदोलनों से महिलाओं के अधिकारों और सम्मान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ती है। आयोजकों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

