मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ। सरधना थाना क्षेत्र के कपसाढ़ गांव में दलित महिला सुनीता की हत्या और उसकी बेटी के अपहरण की घटना के बाद पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे समाजवादी पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन को पुलिस ने मेरठ के परतापुर स्थित काशी टोल प्लाजा पर ही रोक लिया।सांसद रामजी लाल सुमन के साथ सिवालखास से पूर्व विधायक नदीम चौहान भी मौजूद थे। पुलिस द्वारा गांव जाने से रोके जाने पर सांसद और उनके समर्थक काशी टोल प्लाजा पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन पीड़ित दलित परिवार से जनप्रतिनिधियों को मिलने नहीं दे रहा है, जबकि वे केवल पीड़ितों को न्याय का भरोसा दिलाने जा रहे थे। काफी देर तक चले धरना-प्रदर्शन के बाद पुलिस ने उन्हें कपसाढ़ गांव जाने की अनुमति नहीं दी, जिसके चलते सांसद रामजी लाल सुमन और उनके समर्थकों को काशी टोल प्लाजा से ही वापस लौटना पड़ा।घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और गांव में भारी पुलिस बल तैनात है।

