अखिलेश यादव से कराई बात, तीन लाख रुपये की तात्कालिक मदद का ऐलान
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ ।सरधना थाना क्षेत्र के गांव कपसाड़ में दलित महिला की हत्या और उसकी पुत्री के अपहरण की सनसनीखेज घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती और सख्त नाकाबंदी के बावजूद समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान शुक्रवार को गांव पहुंचने में कामयाब रहे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।विधायक अतुल प्रधान ने पीड़ित परिवार की सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से फोन पर बातचीत भी कराई। अखिलेश यादव ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और ₹3 लाख रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।गौरतलब है कि गुरुवार सुबह गांव कपसाड़ में जंगल जा रही 45 वर्षीय दलित महिला सुनीता की गांव के ही कुछ युवकों ने बेरहमी से हत्या कर दी थी। विरोध करने पर हमलावरों ने सुनीता पर जानलेवा हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही उसकी 19 वर्षीय पुत्री रूबी का अपहरण कर लिया गया। घटना के बाद गांव में भारी तनाव फैल गया।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने गांव को छावनी में तब्दील कर दिया है। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और गांव आने-जाने वाले सभी रास्तों पर नाकाबंदी की गई है। जब सपा विधायक अतुल प्रधान ने गांव पहुंचने का प्रयास किया तो उन्हें कई स्थानों पर पुलिस रोक-टोक और नोकझोंक का सामना करना पड़ा, लेकिन तमाम बाधाओं के बावजूद वे किसी तरह गांव में प्रवेश कर पीड़ित परिवार से मिलने में सफल रहे।विधायक अतुल प्रधान देर शाम तक गांव में डटे रहे और अंतिम संस्कार के बाद ही वहां से लौटे। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, अपहृत युवती की सुरक्षित बरामदगी और पीड़ित परिवार को मुआवजा व सुरक्षा देने की मांग की।घटना को लेकर गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

