मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज चैनल
सरूरपुर। थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा में भी बीते 3 दिन से भारी बारिश का कहर जारी है।बुधवार को खेलते समय 3 साल का मासूम सादिक नाले में गिर गया। बच्चा अब तक लापता है। जानकारी के अनुसार, सादिक हिना पुत्री हारुन का बेटा है। हिना की शादी खेड़ी शिकरोड़ा गाँव में सोनू के साथ हुई थी। करीब एक सप्ताह पहले वह अपने बेटे सादिक के साथ अपने पिता हारुन के घर हर्रा आई थी। जानकारी के अनुसार, बुधवार को बच्चा घर के पास खेल रहा था। कि अचानक तेज बहाव वाले नाले में गिर गया। भारी बारिश के कारण नाले का पानी असामान्य रूप से तेज बहाव में था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचकर बच्चे की खोज में जुट गए। घंटों की कोशिशों के बावजूद सादिक का कोई सुराग नहीं मिला।सर्च अभियान में जेसीबी का उपयोग किया गया और स्थानीय प्रशासन पूरी ताकत के साथ बचाव कार्य में लगा हुआ है। मासूम सादिक के माता-पिता, सोनू और हिना, रो-रो कर बुरे हाल में हैं। पूरे कस्बे में शोक का माहौल है और लोग परिवार के दुःख में शामिल हो रहे हैं।घटना के बाद आसपास के बच्चों को नाले के पास खेलने से रोका गया है।सरूरपुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। तेज बहाव के कारण सर्च ऑपरेशन में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बच्चा अभी भी लापता है और तलाश जारी है।

