मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज़
मेरठ।नगर पालिका परिषद सरधना की चेयरमैन सबीला अंसारी पर विकास कार्यों के लिए आवंटित सरकारी धन का दुरुपयोग करने का गंभीर आरोप लगा है। पूर्व सभासद निर्दोष कुमार ने आरोप लगाया है कि चेयरमैन ने नगर पालिका क्षेत्र से बाहर, देहात की नई कॉलोनियों में अवैध रूप से विकास कार्य कराए हैं। उनका कहना है कि यह सब प्रॉपर्टी डीलरों से मिलीभगत कर उन कॉलोनियों के दाम बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है। निर्दोष कुमार ने बताया कि उनकी धर्मपत्नी और वार्ड नंबर तीन की सभासद श्रीमती कविता ने इस मामले की शिकायत की, जिसके बाद यह खुलासा हुआ। आरोपों के अनुसार, बिनोली मार्ग पर श्याम वाटिका में नाला निर्माण पर 15,25,807 रुपये, नवाबगढ़ी में नाला निर्माण पर 15,19,308 रुपये और सरधना देहात में मुख्य सड़क पर स्ट्रीट लाइटें लगाने पर 25,80,000 रुपये खर्च किए गए हैं। इस प्रकार कुल 56 लाख 25 हजार 115 की राशि इन कथित अवैध कार्यों पर खर्च की गई है। निर्दोष कुमार ने बताया कि उनकी धर्मपत्नी द्वारा की गई शिकायत की जांच अंतिम चरण में है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस धनराशि की वसूली चेयरमैन से शीघ्र कराई जाएगी। साथ ही, चेयरमैन पर धोखाधड़ी, पद के दुरुपयोग और वित्तीय हानि के अपराध में पालिका अधिनियम 1916 की धारा 48 के तहत पद से हटाने की मांग की गयी है।

