उनकी सरकार बनने पर गौशालाओं का रखा जायेगा विशेष ध्यान
मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज़
मेरठ ।सरधना क्षेत्र के मंडी समिति परिसर में संचालित गौशाला की बदहाल स्थिति को लेकर संचालक पुरुषोत्तम बंसल ने क्षेत्रीय विधायक अतुल प्रधान से मुलाक़ात की और मौके पर आकर निरीक्षण करने का अनुरोध किया। शनिवार को विधायक अतुल प्रधान स्वयं गौशाला पहुंचे और वहाँ की वास्तविक स्थिति का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान गौशाला संचालक पुरुषोत्तम बंसल ने विधायक को बताया कि मंडी समिति की बाउंड्री वॉल पिछले काफी समय से टूटी हुई है। जिससे ना केवल गौशाला की सुरक्षा को खतरा बना रहता है बल्कि इधर-उधर घूमती गायें भी परिसर से बाहर निकल जाती हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। साथ ही, गौशाला से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी का कोई प्रबंध नहीं है, जिससे गौशाला के आस-पास लगातार जलभराव की स्थिति बनी रहती है। यह पानी धीरे-धीरे फैलकर पास ही स्थित कब्रिस्तान और प्रतिष्ठित जैन इंटर कॉलेज तक पहुंच जाता है, जिससे वहां के वातावरण में भी संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है। बंसल ने बताया कि लगातार जलभराव के कारण गौशाला में रखी गई गौमाताएं बीमार हो रही हैं। कई गायों को त्वचा संक्रमण और खुरपका-मुंहपका जैसे रोगों की आशंका रहती है। पशु चिकित्सकों की राय में इस जलभराव को यदि तुरंत नहीं रोका गया, तो आने वाले मानसून में स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। गौशाला में पीने के पानी की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं है। ऐसे में बंसल ने एक बड़े पानी के टैंकर की मांग की, जिसका उपयोग गौशाला में पशुओं को पानी पिलाने के लिए किया जा सकेगा। साथ ही, उन्होंने सुझाव दिया कि यह टैंकर केवल गौशाला तक सीमित न रहकर समाजहित में अन्य उपयोगों में भी लाया जाए जैसे यदि कहीं आग लगने की स्थिति उत्पन्न हो या किसी सार्वजनिक स्थान पर पानी की आवश्यकता हो, तो इस टैंकर को तत्काल वहां भेजा जा सके। यह स्थानीय प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं के लिए एक प्रकार की राहत व्यवस्था बन सकती है। गंभीरता से बातों को सुनने के बाद विधायक अतुल प्रधान ने तत्काल मंडी समिति के अधिकारियों से संवाद स्थापित किया और बाउंड्री वॉल की मरम्मत, जल निकासी हेतु नाले के निर्माण और एक टैंकर की व्यवस्था हेतु दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि “गौशाला का संरक्षण केवल धार्मिक या सांस्कृतिक उत्तरदायित्व नहीं है, बल्कि यह मानवीय और प्रशासनिक जिम्मेदारी भी है। हम गायों की सेवा को सर्वोपरि मानते हैं और मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि यहां की सभी समस्याओं का समाधान शीघ्र किया जाए।” विधायक के इस दौरे को लेकर स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने सराहना की है। उनका कहना है कि लंबे समय से गौशाला की अनदेखी हो रही थी, लेकिन अब उम्मीद जगी है कि समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से होगा। उन्होंने कहा की उनकी सरकार आने पर सभी गौशालाओं का विशेष रूप से ख्याल रखा जायेगा। इस अवसर पर नमन जैन, सपा नगर अध्यक्ष अशरफ राणा, इकराम अंसारी, मंजूर मालिक, अकरम आदि आदि मुख्य रूप से शामिल रहे।

