मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज़
मेरठ ।सरधना तहसील में शनिवार को आयोजित हुए संपूर्ण समाधान दिवस पर कांवड़ यात्रा का असर देखने को मिला। शिकायतों की सुनवाई के लिए जिला स्तर से एक भी अधिकारी दिवस में नहीं पहुंच सके। वहीं कांवड़ यात्रा में व्यस्त होने के कारण पुलिस अधिकारी भी दिवस में शामिल नहीं हो सके। तहसीलदार रवि कुमार ने अकेले नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह के साथ मिलकर शिकायतों की सुनवाई की। इतना ही नहीं समाधान दिवस में फरियादियों का भी टोटा रहा। दिवस के दौरान कुल 15 शिकायतें दर्ज की गई, जिनमें से एक भी निस्तारित नहीं की जा सकी। हालांकि सभी फरियादियों को शिकायतों के जल्द निस्तारण का आश्वासन जरूर दिया गया है। हालांकि तहसील कर्मचारियों ने बताया कि पूर्व में लंबित सभी शिकायतें निस्तारित कर दी गई।

