रोहटा संवाददाता एन 20 न्यूज
रोहटा। विकास खंड के गांव डूंगर में बुधवार को चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग से जिंझोखर संपर्क मार्ग को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण कार्य की शुरुआत की गई। लंबे समय से संकरी सड़क के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी और आए दिन जाम की स्थिति बन जाती थी।बुधवार को चौड़ीकरण की कार्रवाई के दौरान ग्राम प्रधान आशा सांगवान की अगुवाई में ग्रामीणों की सहमति से मकानों के बाहर बने अवैध चबूतरे हटाने का कार्य शुरू कराया गया।ग्राम प्रधान आशा सांगवान ने बताया कि पंचायत ने पहले ही ग्रामीणों से बातचीत कर सहमति बना ली थी, ताकि किसी को असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ी होने से अब दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही सुगम हो जाएगी।यह मार्ग जिंझोखर, जटपुरा, पुठ खास, घसौली, जंगेठी सहित करीब दर्जनभर गांवों को कंकरखेड़ा मुख्य मार्ग से जोड़ता है। पहले संकरी सड़क के चलते ट्रैक्टर या कार गुजरने पर पैदल चलना मुश्किल हो जाता था। अब चौड़ीकरण से राहत मिलेगी।ग्रामवासी संजय बावरा, सुखपाल, सतीश, बिट्टू, रामकुमार, नौभार, जयकुमार आदि ने बताया कि चौड़ीकरण से गांव का यातायात सुचारू होगा और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी। वहीं ग्रामीण परवीन सहरावत ने कहा कि गांव में विकास कार्यों की यह अच्छी शुरुआत है, जिसे पंचायत को पूरी तरह पूरा कराना चाहिए।ग्राम पंचायत सचिव कृष्णपाल प्रजापति ने बताया कि कार्य की निगरानी पंचायत प्रतिनिधियों की देखरेख में की जा रही है। आने वाले दिनों में सड़क के दोनों ओर नाली और इंटरलॉकिंग का कार्य भी कराया जाएगा, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या समाप्त हो सके।ग्रामीण फुरकान, शौकीन, मेनपाल, गंगाराम, गजेंद्र, राजकुमार, मनोज, मुनेश, ललित, सतीश कश्यप, समय सिंह, धर्मा आदि ने ग्राम प्रधान आशा सांगवान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गांव के विकास कार्यों में वे हर संभव सहयोग देंगे।

