मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
सरूरपुर ।भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत शनिवार को सरूरपुर ब्लॉक के ग्राम सरूरपुर पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान क्षेत्र के कई गांवों से आए किसानों ने खेती से जुड़ी विभिन्न परेशानियों को उनके सामने रखा।बैठक में किसानों ने फसलों के उचित दाम, बिजली आपूर्ति, सिंचाई की व्यवस्था, बढ़ती लागत और कृषि से जुड़े अन्य मुद्दों पर अपनी बात रखी। राकेश टिकैत ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि भारतीय किसान यूनियन हमेशा किसानों के हक और अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी।बैठक को संबोधित करते हुए टिकैत ने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की कई नीतियां किसानों के हित में नहीं हैं। उनका आरोप है कि अमेरिका के साथ किए गए व्यापारिक समझौतों और आयात नीति के कारण देश के किसानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है।उन्होंने कहा कि यदि सरकार किसानों के हितों की अनदेखी करती है तो भारतीय किसान यूनियन इसका विरोध करेगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जाएगा। टिकैत ने किसानों से एकजुट रहने और अपने अधिकारों के लिए जागरूक रहने की अपील की।इस मौके पर बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे और उन्होंने अपने क्षेत्र की समस्याओं को संगठन के सामने रखा। टिकैत ने भरोसा दिलाया कि किसानों की आवाज को सरकार और प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान हो सके। जिला अध्यक्ष अनुराग चौधरी मोनू टिकरी, महेंद्र, अनुज, मेजर, भोपाल, सुरेन्द्र, प्रतीक, हर्ष, भानु ठाकुर, प्रमोद, चिंटू, सनी, दिवाकर, प्रिंस, बिट्टू आदि मौजूद रहे

