गाजियाबाद संवाददाता एन 20 न्यूज
गाजियाबाद ।त्योहारी सीजन की चहल-पहल के बीच गाज़ियाबाद की घंटाघर मार्केट में ठगों ने एक बार फिर अपना जाल बिछाया। रविवार को कोतवाली थाना क्षेत्र की घंटाघर मार्केट में सिहानी गेट थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी की पत्नी पुष्पा के साथ टप्पेबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस वारदात ने त्योहारी सीजन में बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर तब जब पीड़िता खुद एक पुलिसकर्मी की पत्नी हैं।जानकारी के अनुसार, पुष्पा अपनी 5 साल की बेटी के साथ खरीदारी करने घंटाघर मार्केट पहुंची थीं। उनकी बेटी ने पार्क जाने की जिद की, जिसके बाद वह मार्केट में मौजूद एक पार्क की ओर बढ़ीं। रास्ते में भुट्टा खरीदने के लिए रुकते समय एक महिला और दो युवकों ने उन्हें बातों में उलझा लिया। पीड़िता के अनुसार, एक युवक ने उनसे कहा, “मैडम, मार्केट में बहुत भीड़ है, मेरी पत्नी ने भी अपने कुंडल उतारकर इस थैले में रख दिए हैं। आप भी अपने कुंडल उतारकर इसमें रख लें, कहीं खो न जाएं।” भरोसा करके पुष्पा ने अपने कानों के कुंडल उतार दिए। इसके बाद ठगों ने झांसा देकर उन्हें बेसुध कर दिया और कुंडल लेकर फरार हो गए।पुष्पा ने बताया, “मुझे शक हुआ था कि कोई मेरा पीछा कर रहा है, लेकिन बाजार की भीड़ में मैंने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। जब मुझे होश आया, तो मेरे हाथ में एक अनजान थैला था और मेरे कुंडल गायब थे। तब मुझे एहसास हुआ कि मेरे साथ ठगी हो गई।” रोते हुए वह घंटाघर चौकी पहुंचीं और पुलिस को पूरी घटना बताई।घटना की सूचना मिलते ही पुष्पा के पति, जो सिहानी गेट थाने में तैनात हैं, तुरंत घंटाघर चौकी पहुंचे। कोतवाली थाना के SHO ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़िता से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहारी सीजन में घंटाघर मार्केट में भारी भीड़ रहती है, जिसका फायदा ठग और जेबकतरे उठाते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ठगों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। इस घटना ने पुलिस की गश्त और बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क रहें और अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें।

