मेरठ संवाददाता एन 20 न्यूज
मेरठ।मेरठ के अब्दुल्लापुर स्थित हुसैनी चौक पर शिया मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शिया मस्जिद पर हुए आत्मघाती हमले के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की और उसका झंडा जलाकर आक्रोश जताया।इस्लामाबाद में बीते शुक्रवार जुमे की नमाज के दौरान शिया मस्जिद में आत्मघाती हमला हुआ था, जिसमें 30 से अधिक लोगों की मौत हो गई और 150 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इस घटना में मस्जिद और इमामबाड़ा परिसर को भी नुकसान पहुंचा। इस घटना के विरोध में सोमवार देर शाम अब्दुल्लापुर के हुसैनी चौक पर लोगों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान सीओ सदर देहात सुधीर सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर थाना भवनपुर प्रभारी जोगिंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान के झंडे पर जूते-चप्पल रखकर विरोध जताया और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री व सेना प्रमुख के खिलाफ नारेबाजी की। शिया धर्मगुरु मौलाना वसी हैदर ने भारत सरकार से पाकिस्तान पर दबाव बनाने और संयुक्त राष्ट्र में उसे आतंकवादी देश घोषित कराने की मांग की।सैयद फैजी नकवी ने कहा कि पाकिस्तान में शिया समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है और सरकार की ओर से आतंकियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हो रही है।प्रदर्शन में मोहम्मद आमिर नकवी, मंसूर, नादिर, पूर्व पार्षद शौकत अली, रहबर अली, मीसम नकवी, शाकिर जैदी, सुएब, जोन अब्बास, फैसल, अमजद नकवी सहित कई लोग मौजूद रहे।

